रामगढ़: वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद कई बाइकों के इंजन और चेसिस नंबर मिटा दिए गए थे, ताकि उनकी पहचान छिपाकर उन्हें बेचा जा सके।


पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और वाहन चोरी के मामलों के खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. अकरम रजा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
वाहन जांच और छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों, नजरूल अंसारी और मो. निसार अंसारी, को दो चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। जांच के दौरान इस मामले में रंजीत महतो को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, बरामद सात मोटरसाइकिलों में से कई के इंजन और चेसिस नंबर मिटा दिए गए थे। आशंका है कि आरोपी इन वाहनों की पहचान बदलकर उन्हें बेचने की तैयारी कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपी मो. नजरूल अंसारी के खिलाफ वाहन चोरी से जुड़े कई पुराने आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
इस संबंध में रामगढ़ थाना में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में डीएसपी (मुख्यालय) मो. अकरम रजा, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय, पुलिस निरीक्षक रजत कुमार तथा विशेष टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने कहा कि जिले में वाहन चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

