झारखंड आंदोलनकारियों की क्षेत्रीय बैठक में पेंशन और 20% क्षैतिज आरक्षण की मांग तेज

Spread the love

जामताड़ा: झारखंड आंदोलनकारियों की एक क्षेत्रीय बैठक जामताड़ा में आयोजित की गई, जिसमें दुमका प्रमंडल के विभिन्न जिलों से आए आंदोलनकारियों ने भाग लिया। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ आंदोलनकारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सरकार से लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई गई।

बैठक में सभी झारखंड आंदोलनकारियों को समान पेंशन देने और 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू करने की मांग की गई। आंदोलनकारियों का कहना था कि इससे उन्हें वास्तविक न्याय और सम्मान मिलेगा।

आंदोलनकारी नेता रॉबिन मिर्धा ने कहा कि दुमका प्रमंडल के सभी जिलों के प्रतिनिधियों के साथ आगे की रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब राज्य सरकार विभिन्न वर्गों के लिए नई योजनाएं चला रही है, तो आंदोलनकारियों के साथ सौतेला व्यवहार नहीं होना चाहिए।

बैठक में आंदोलनकारी मनोरथ मरांडी ने कहा कि सरकार द्वारा गठित आंदोलनकारी पहचान आयोग निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से कार्य करे, ताकि सभी वास्तविक आंदोलनकारियों की पहचान सुनिश्चित हो सके और उन्हें समान रूप से पेंशन का लाभ मिल सके।

उन्होंने मांग की कि आगामी 15 अगस्त से पहले सभी पात्र झारखंड आंदोलनकारियों को पेंशन उपलब्ध कराई जाए। बैठक के अंत में आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।