डीसी के जनता दरबार में इच्छापुर सेविका चयन और भूमि सीमांकन पर शिकायत, जांच के सख्त निर्देश

Spread the love

सरायकेला: साप्ताहिक जनता दरबार में मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नीतीश कुमार सिंह ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों की समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता दरबार में प्रमुख रूप से आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड-24 स्थित इच्छापुर में सेविका चयन में कथित अनियमितता तथा आदित्यपुर अंचल के भूमि सीमांकन से जुड़े मामलों को उठाया गया। उपायुक्त ने दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए सख्त जांच के आदेश दिए और निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजते हुए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए।

जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों में कपाली क्षेत्र में भूमि विवाद के मामले में वाद वापस लेने के लिए कथित धमकी, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ आवेदन के बावजूद नहीं मिलना, श्रवण बाधित छात्र के आर्का जैन विश्वविद्यालय में उच्च तकनीकी शिक्षा हेतु नामांकन, भूमि विवाद तथा अन्य विभागों से जुड़े विभिन्न मामले भी शामिल रहे।

उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और पारदर्शिता बनाए रखते हुए पात्र आवेदकों को समय पर राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।