स्मार्ट मीटर में बड़ा बदलाव, अब उपभोक्ता खुद चुनेंगे प्रीपेड या पोस्टपेड विकल्प

Spread the love

सरायकेला: सेंट्रल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी (CEA) ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए प्रीपेड बिलिंग की अनिवार्यता समाप्त कर दी है। नए प्रावधान के अनुसार अब किसी भी उपभोक्ता पर प्रीपेड स्मार्ट मीटर जबरन लागू नहीं किया जाएगा। उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार प्रीपेड या पोस्टपेड बिलिंग विकल्प चुन सकेंगे।

हालांकि, जिन क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा बेहतर है, वहां स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार जारी रहेगा। लेकिन मीटर लगाने के बाद बिलिंग का तरीका पूरी तरह उपभोक्ता की पसंद पर निर्भर करेगा।

इस फैसले के बाद झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) के अधिकारियों में स्थिति को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है, क्योंकि विभाग को अभी तक इस संबंध में आधिकारिक सरकारी दस्तावेज प्राप्त नहीं हुए हैं।

रांची में अब तक 3.60 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें से 3 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के मीटर प्रीपेड मोड में परिवर्तित किए जा चुके हैं।

बिजली विभाग के निदेशक पी.के. श्रीवास्तव ने कहा कि जैसे ही नए नियमों से संबंधित आधिकारिक निर्देश प्राप्त होंगे, विभाग उनके अनुरूप आगे की कार्रवाई करेगा और सभी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।