जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में पिछले पांच दिनों से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य पूरी तरह बंद रहने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्लों और गलियों में कचरा जमा होने से दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।


इस समस्या को लेकर जुगसलाई नगर परिषद के पार्षदों ने कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान से मुलाकात कर तत्काल समाधान की मांग की। पार्षदों ने बताया कि कचरा संग्रहण का कार्य कर रही एजेंसी लगातार विभिन्न कारण बताकर नियमित रूप से कचरा उठाने से इनकार कर रही है। उन्होंने एजेंसी की कार्यशैली को लापरवाहीपूर्ण बताते हुए कहा कि इसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
पार्षदों ने मांग की कि यदि वर्तमान एजेंसी निर्धारित शर्तों के अनुसार कार्य करने में सक्षम नहीं है, तो उसके विरुद्ध तत्काल नोटिस जारी किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर उसका टेंडर रद्द कर किसी सक्षम एजेंसी को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की जिम्मेदारी सौंपी जाए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद को इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।
पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नियमित कचरा संग्रहण शुरू नहीं हुआ, तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन और संबंधित एजेंसी की होगी।
कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि कचरा संग्रहण करने वाली कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ लगातार बातचीत चल रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का समाधान कर बुधवार से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य पुनः शुरू कर दिया जाएगा।
बैठक में पार्षद अनिल मोदी, सत्यनारायण अग्रवाल (मुन्ना) और बड़े लाल दुबे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

