रामगढ़ व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर में हाई अलर्ट

Spread the love

रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। यह धमकी जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) के आधिकारिक ईमेल पर बंगाली भाषा में भेजी गई, जिसके बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा तत्काल बढ़ा दी गई।

धमकी भरा ईमेल मिलते ही बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड), डॉग स्क्वॉड और विशेष पुलिस टीम ने न्यायालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। कोर्ट आने वाले सभी लोगों की कड़ी जांच की जा रही है और परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे क्षेत्र में निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल की साइबर विशेषज्ञों की मदद से जांच की जा रही है। ईमेल किस स्थान से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसका पता लगाने के लिए तकनीकी जांच तेज कर दी गई है। मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया है। एहतियात के तौर पर न्यायालय परिसर सहित जिले के अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है।