परसुडीह थाना प्रभारी के सामने महिला पर पिस्टल तानने का आरोप, विरोध पर ईंट-पत्थर से हमला, दो घायल

Spread the love

जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र में महिला के साथ मारपीट और हथियार दिखाकर धमकाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि थाना प्रभारी की मौजूदगी में ही आरोपियों ने उसकी छाती पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर महिला और उसके देवर पर ईंट-पत्थर से हमला किया गया, जिससे दोनों घायल हो गए।

पीड़िता पिंकी दास (22) के अनुसार, 19 जुलाई की रात करीब आठ बजे वह अपने घर के बाहर कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे करण पात्रो और गोविंद कुड़ुक को रोकने गई थी। इस दौरान दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया।

महिला का आरोप है कि शिकायत लेकर जब वह परसुडीह थाना पहुंची, तब भी आरोपी वहां पहुंच गए और थाना प्रभारी के सामने ही उसकी छाती पर पिस्टल तानकर धमकी दी। किसी तरह वह वहां से बचकर निकली।

शोर सुनकर बचाने पहुंचे उसके देवर विक्की दास के साथ भी करण पात्रो, गोविंद कुड़ुक और नित कुड़ुक उर्फ भूषण (खिलाड़ी) ने मारपीट की। हमले में दोनों घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।