दिसंबर 2026 तक आदित्यपुर-1 में पाइपलाइन जलापूर्ति की उम्मीद, नागरिक हतोत्साहित न हों : ओमप्रकाश

Spread the love

सरायकेला: आदित्यपुर-1 क्षेत्र में दिसंबर 2026 तक पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल आपूर्ति का ट्रायल शुरू होने की उम्मीद जताई गई है। आदित्यपुर जलापूर्ति योजना को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर करने वाले जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता ओमप्रकाश ने नागरिकों से धैर्य बनाए रखने और हतोत्साहित नहीं होने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि आदित्यपुर-2 के सीतारामपुर जलशोधन संयंत्र से जलापूर्ति की टेस्टिंग शुरू हो चुकी है। इसके पीछे कारण यह है कि वहां पहले से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन उपलब्ध थी। साथ ही नया 30 एमएलडी क्षमता का प्लांट भी उसी परिसर में तैयार किया गया, जिससे कार्य तेजी से पूरा हो सका।

ओमप्रकाश ने बताया कि आदित्यपुर-1 के लिए सापड़ा-दुगनी में 60 एमएलडी क्षमता का नया जलशोधन संयंत्र पूरी तरह नए सिरे से बनाया जा रहा है। यह क्षेत्र पहले जंगल था, इसलिए आधारभूत संरचना तैयार करने में अधिक समय लग रहा है। प्लांट तक बिजली पहुंचाने के लिए करीब 5 से 6 किलोमीटर लंबी नई 11 हजार वोल्ट लाइन भी बिछाई जा रही है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि दिसंबर 2026 तक सापड़ा जलशोधन संयंत्र तैयार कर आदित्यपुर-1 में पाइपलाइन जलापूर्ति शुरू कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह योजना पूरे आदित्यपुर के नागरिकों के हित में है।