पलामू: झारखंड के पलामू जिले में मानसून के बीच आकाशीय बिजली ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पांकी प्रखंड के मदन पंचायत स्थित पुरुषोत्तमपुर गांव में मंगलवार रात वज्रपात की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गांव में ही हुई दूसरी घटना में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।


मृतकों की पहचान बालमुकुंद यादव और उनके पुत्र दिलीप यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों किसी काम से बाहर गए थे और मंगलवार रात बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के बीच उन पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पांकी थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
इसी गांव की अनीता देवी भी वज्रपात की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं। उनका पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।

