खूंटी में बड़ी कार्रवाई: ट्रेलर से 18,400 किलो डोडा बरामद, मालिक और खलासी गिरफ्तार

Spread the love

खूंटी: खूंटी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुरहू थाना क्षेत्र में एक 18 चक्का ट्रेलर से 18,400 किलोग्राम डोडा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान ट्रेलर मालिक और खलासी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि पंजाब नंबर (PB 46M 9811) का एक ट्रेलर पेट्रोल पंप के पास खड़ा है, जिसमें अवैध डोडा लदा हुआ है। सूचना के सत्यापन के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रेलर की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में डोडा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 2.76 लाख रुपये है।

मामले में ट्रेलर मालिक बाटू सिंह (46) और खलासी शिबो मुंडा (45) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी ओडिशा के क्योंझर जिले के बड़बिल के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने ट्रेलर और एक ओप्पो मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

खूंटी के एनडीपीएस थाना में कांड संख्या 13/26 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 15(बी) और 29 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। मामले की जांच जारी है।