झारखंड के 21 IPS अधिकारी राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के अनिवार्य मिड-करियर प्रशिक्षण के लिए चयनित

Spread the love

रांची: झारखंड कैडर के 21 आईपीएस अधिकारियों का चयन सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA), हैदराबाद में आयोजित होने वाले 19वें मिड-करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (MCTP) फेज-IV के लिए किया गया है। यह अनिवार्य प्रशिक्षण 31 अगस्त से 25 सितंबर 2026 तक आयोजित होगा। गृह मंत्रालय के माध्यम से अकादमी ने सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय पुलिस संगठनों से पात्र अधिकारियों के नामांकन भेजने को कहा है।

यह प्रशिक्षण 1995 से 2012 बैच के उन आईपीएस अधिकारियों के लिए अनिवार्य है, जिन्होंने 14 से 16 वर्ष की सेवा पूरी कर ली है। भारतीय पुलिस सेवा (वेतन) नियमों के अनुसार, इस प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद ही अधिकारी सुपर टाइम स्केल वेतनमान के लिए पात्र माने जाएंगे।

राष्ट्रीय स्तर पर इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए कुल 622 आईपीएस अधिकारियों की पहचान की गई है। इनमें AGMUT कैडर के 66 अधिकारी सबसे अधिक हैं। इसके बाद पश्चिम बंगाल के 55, कर्नाटक के 43, मध्य प्रदेश के 42, उत्तर प्रदेश के 35 तथा झारखंड कैडर के 21 अधिकारी प्रशिक्षण में भाग लेंगे।

राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आयोजित यह कार्यक्रम अधिकारियों के नेतृत्व कौशल, प्रशासनिक क्षमता, नीति निर्माण और आधुनिक पुलिसिंग की समझ को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। इससे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की कार्यकुशलता और निर्णय क्षमता को नई दिशा मिलेगी।