रांची: झारखंड सरकार ने अबुआ आवास योजना के तहत आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए बड़ा वित्तीय आवंटन किया है। ग्रामीण विकास विभाग ने राज्य के सभी 24 जिलों के लिए कुल 490 करोड़ रुपये जारी किए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह राशि केवल आवास निर्माण कार्यों पर ही खर्च की जाएगी और इसके उपयोग में योजना के दिशा-निर्देशों एवं वित्तीय नियमों का पालन अनिवार्य होगा।


जारी आवंटन के अनुसार गिरिडीह और जामताड़ा को सबसे अधिक 32-32 करोड़ रुपये मिले हैं। वहीं रांची, देवघर, दुमका, चतरा, पूर्वी सिंहभूम और पलामू को 30-30 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। बोकारो, गोड्डा और सरायकेला-खरसावां को 25-25 करोड़ रुपये, जबकि गढ़वा, साहिबगंज और पश्चिमी सिंहभूम को 20-20 करोड़ रुपये मिले हैं।
इसके अलावा धनबाद, हजारीबाग, लातेहार, पाकुड़ और सिमडेगा को 15-15 करोड़ रुपये, गुमला, लोहरदगा और रामगढ़ को 10-10 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। कोडरमा को 5 करोड़ तथा खूंटी को 1 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है।
ग्रामीण विकास विभाग ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि राशि का उपयोग केवल अबुआ आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण में किया जाए। साथ ही खर्च की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने पर भी जोर दिया गया है।

