जमशेदपुर: बिष्टूपुर स्थित आर. डी. द्विवेदी अखाड़ा मंदिर प्रांगण में मंगलवार को संकट मोचन संगीत समिति की ओर से साप्ताहिक संगीत संध्या का आयोजन किया गया। वर्ष 1989 से प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाली इस सांस्कृतिक बैठक में शहर के कलाकारों ने शास्त्रीय संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।


कार्यक्रम की शुरुआत युवा गायक कुशल दिव्यम ने राग तोड़ी में छोटा ख्याल प्रस्तुत कर की। इसके बाद उन्होंने मराठी नाट्य गीत और भजन सुनाकर उपस्थित श्रोताओं की खूब सराहना बटोरी। तबले पर श्रेष्ठ उपाध्याय ने प्रभावशाली संगत की।
इसके बाद प्रख्यात गायक नीलांजन मित्रा ने राग मेघ में बड़ा और छोटा ख्याल प्रस्तुत किया। उन्होंने घरानेदार ठुमरी और भजन से पूरे मंदिर परिसर को संगीतमय बना दिया। इस दौरान उन्होंने संकट मोचन संगीत समिति द्वारा पिछले 37 वर्षों से लगातार संगीत बैठकी आयोजित करने की परंपरा की सराहना की और तबला गुरु पंडित दयानाथ उपाध्याय परिवार के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में कलाकारों को अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। तानपुरा पर धृतिमान मंडल और तबले पर श्यामा चक्रवर्ती ने संगत की। कार्यक्रम का समापन हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के साथ हुआ। संचालन बीरेन्द्र उपाध्याय ने किया तथा अंत में सभी कलाकारों और संगीत प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

