जमशेदपुर: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के ‘ऑपरेशन पैसेंजर सेफ्टी’ अभियान के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर संयुक्त कार्रवाई में मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया गया। आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने आरोपी के पास से चोरी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। यह कार्रवाई स्टेशन परिसर में चलाए जा रहे विशेष सुरक्षा अभियान के दौरान की गई।


रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ चक्रधरपुर और रेल पुलिस अधीक्षक जमशेदपुर के निर्देश पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गश्ती टीम ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ा, जिसकी पहचान हृतिक कुमार उर्फ गोलू (24), निवासी आजाद बस्ती, जेम्को, जमशेदपुर के रूप में हुई।
पूछताछ और जांच के दौरान आरोपी के पास से चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। उसने स्वीकार किया कि टाटानगर रेलवे स्टेशन पर देर रात एक यात्री का मोबाइल चोरी किया था। बरामद मोबाइल की पुष्टि होने के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना टाटानगर के हवाले कर दिया गया।
यह अभियान आरपीएफ टाटानगर पोस्ट कमांडर और जीआरपी थाना प्रभारी के निर्देशन में एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में चलाया गया। रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘ऑपरेशन पैसेंजर सेफ्टी’ आगे भी जारी रहेगा। यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने सामान और मोबाइल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ या जीआरपी को देने की अपील की गई।

