जमशेदपुर: आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को बारीडीह स्थित शीता भवन ऑडिटोरियम में जमशेदपुर महानगर एवं पूर्वी सिंहभूम जिला भाजपा की संयुक्त संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व मंत्री अमर बाउरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में दोनों संगठनात्मक जिलों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक में नेताओं ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ संगठन है। कार्यकर्ताओं से “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने और प्रत्येक बूथ को सक्रिय एवं सशक्त बनाने का आह्वान किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 2 अगस्त से सभी बूथ समितियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। साथ ही कार्यकर्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का निर्देश दिया गया। नेताओं ने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर भाजपा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।

