झारखंड में घोटाला नहीं, जांच घोटाला हो रहा है’, रघुवर दास ने JPSC-JSSC जांच पर उठाए सवाल

Spread the love

जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य में विभिन्न कथित घोटालों की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अब राज्य में “घोटाले से ज्यादा जांच घोटाला” हो रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड का युवा जानना चाहता है कि हर मामले में जांच की कहानी इसी तरह चलती रहेगी या दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई भी होगी।

रघुवर दास ने कहा कि JSSC भर्ती घोटाले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने आरोपियों को गिरफ्तार किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए, लेकिन तत्कालीन अध्यक्ष से केवल इस्तीफा लेकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकलने का अवसर दे दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि अब JPSC से जुड़े मामले में भी उसी तरह की प्रक्रिया दोहराई जा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समस्या केवल कथित घोटालों की नहीं, बल्कि उनकी जांच की प्रक्रिया को लेकर भी है। उनके अनुसार प्रभावशाली लोगों और कुछ अधिकारियों को बचाने तथा साक्ष्यों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने शराब, भूमि, अवैध खनन और डीएमएफटी से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि जांच एजेंसियों का उपयोग दोषियों को बचाने के लिए किया जा रहा है तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। रघुवर दास ने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की ताकि सच्चाई सामने आ सके।