रामगढ़: पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने पतरातू पुलिस निरीक्षक कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था, अभिलेखों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के बाद एसपी ने एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा, पुलिस निरीक्षक सतींद्र सिंह, थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता, ओपी प्रभारी उपेंद्र शर्मा, प्रभारी अख्तर अली सहित अन्य अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंटों के तामिला और विधि-व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावी पुलिसिंग के साथ आम जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करें तथा अपराध नियंत्रण के लिए नियमित अभियान चलाते रहें। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी और एसडीपीओ ने कार्यालय परिसर में फलदार पौधे भी लगाए। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सामाजिक जिम्मेदारी है और सभी को इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। अधिकारियों ने भी पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।

