जमशेदपुर: नीट पेपर लीक मामले और छात्रों के आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने गुरुवार को जमशेदपुर के साकची गोलचक्कर पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंकते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


प्रदर्शन के दौरान झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के बजाय छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई कथित लाठीचार्ज की भी आलोचना की। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग करना उचित नहीं है। झामुमो नेताओं ने इसे युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास बताते हुए इसकी निंदा की।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। नेताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों की नैतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
विरोध प्रदर्शन में झामुमो के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस की निगरानी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

