नीट पेपर लीक समेत छात्र मुद्दों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

Spread the love

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर साकची स्थित उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इसके बाद उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह ने कहा कि लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। वर्षों की मेहनत के बावजूद परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिससे छात्रों में निराशा और असुरक्षा का माहौल बना है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग और लाठीचार्ज लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। पार्टी का कहना है कि छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद और संवेदनशीलता के साथ होना चाहिए।

ज्ञापन में राष्ट्रपति से मांग की गई कि कथित पेपर लीक मामलों की समयबद्ध और निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए स्थायी व्यवस्था लागू की जाए। कांग्रेस ने कथित पुलिस कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की।

कांग्रेस ने परीक्षा प्रबंधन में कथित विफलता की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफे की भी मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।