जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र स्थित बुक स्टोर के पास गुरुवार को एक ऑटो और कार के बीच टक्कर हो गई। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन ऑटो का अगला शीशा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कार को भी नुकसान पहुंचा है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कार बुक स्टोर की ओर से निकल रही थी, जबकि सामने से आ रहा ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर कार से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो का अगला शीशा टूट गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे के बाद ऑटो चालक ने बताया कि वह मिर्गी की बीमारी से पीड़ित है और अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं रहा, जिससे दुर्घटना हो गई।
वहीं, कार में सवार महिलाओं ने अलग दावा करते हुए कहा कि ऑटो चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया और कार को हुए नुकसान की भरपाई की मांग की।
दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक बातचीत चली। ऑटो चालक ने कार को हुए नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन दिया। घटना में किसी के घायल नहीं होने से बड़ी अनहोनी टल गई। फिलहाल मामले में किसी आधिकारिक पुलिस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।

