लेटेहार में जेएमएम का प्रदर्शन, नीट अभ्यर्थियों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में शिक्षा मंत्री का पुतला दहन

Spread the love

लातेहार: दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) जिला समिति और छात्र मोर्चा ने लातेहार में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जेएमएम नेता प्रभात कुमार ने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे थे, लेकिन उन पर कथित रूप से सुनियोजित तरीके से लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने इस कार्रवाई को छात्र विरोधी बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो सड़क से सदन तक आंदोलन तेज किया जाएगा।

जेएमएम नेता सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन पर कथित लाठीचार्ज, आंसू गैस का इस्तेमाल तथा महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार जैसे आरोप लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में झारखंड के सभी जिलों में विरोध-प्रदर्शन आयोजित किए गए हैं।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में जेएमएम कार्यकर्ता और छात्र मोर्चा के सदस्य शामिल हुए। नेताओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने की मांग की।