गुमला: आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुमला में खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों, चाट-फास्ट फूड दुकानों, किराना दुकानों, थोक विक्रेताओं और बेकरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी, कुमार प्रभाकर और आशा राज ने किया।


निरीक्षण के दौरान टीम ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, निर्माण एवं भंडारण व्यवस्था, साफ-सफाई, खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण, पैकेट पर अंकित जानकारी, एक्सपायरी तिथि तथा लेबलिंग नियमों की जांच की। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने तथा उपभोक्ताओं को स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जांच के दौरान यूनिक बेकरी में स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाया गया। इस पर विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आर्थिक दंड लगाया। वहीं अन्य कई प्रतिष्ठानों में भी साफ-सफाई और खाद्य संरक्षण व्यवस्था में कमियां मिलने पर सुधार के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान कोटपा अधिनियम-2003 एवं संशोधित अधिनियम-2021 के तहत तंबाकू उत्पादों की बिक्री और प्रदर्शन की भी जांच की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

