आईडीटीआर जमशेदपुर में स्पार्क मिंडा का कैंपस ड्राइव, 50 छात्र-छात्राओं का चयन

Spread the love

सरायकेला: आईडीटीआर (इंडो-डेनिश टूल रूम), जमशेदपुर में नोएडा स्थित स्पार्क मिंडा (मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड) द्वारा कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। भर्ती प्रक्रिया में टूल एंड डाई मेकिंग तथा मेकाट्रॉनिक्स ट्रेड के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कैंपस ड्राइव दो चरणों में आयोजित की गई। पहले चरण में अभ्यर्थियों का एप्टीट्यूड टेस्ट लिया गया, जबकि दूसरे चरण में सफल उम्मीदवारों का फेस-टू-फेस इंटरव्यू आयोजित किया गया। दोनों चरणों में प्रदर्शन के आधार पर कुल 50 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया।

इस अवसर पर संस्थान के जनरल मैनेजर रवीन्द्र कुमार ने कहा कि ऐसे कैंपस ड्राइव विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके तकनीकी कौशल को बेहतर मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए स्पार्क मिंडा की एचआर एवं टेक्निकल टीम का आभार व्यक्त किया।

चयनित छात्र-छात्राओं ने अपनी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संस्थान के शिक्षकों और प्रशिक्षण व्यवस्था के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के दौरान आईडीटीआर के एडमिन अंजन कुंडु, ट्रेनिंग विभाग के एचओडी राम बाबू वर्मा, एडमिन एसोसिएट्स तथा मीडिया प्रभारी पंकज कुमार सहित संस्थान के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।