जमशेदपुर: बोराम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक में शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में एमजीएम मेडिकल कॉलेज के दो जूनियर डॉक्टरों की डूबने से मौत हो गई। कई घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद पहले सक्षम सिंह और फिर समीर का शव पानी से बरामद किया गया। इस घटना के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में शोक की लहर है।


जानकारी के अनुसार गुरुवार रात अस्पताल में नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद शुक्रवार सुबह तीन जूनियर डॉक्टर समीर, यश और सक्षम सिंह मॉर्निंग वॉक के लिए डिमना लेक पहुंचे थे। इसी दौरान वे प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर चले गए। बताया जा रहा है कि एक डॉक्टर का मोबाइल पानी में गिर गया, जिसे निकालने के प्रयास में तीनों गहरे पानी में उतर गए।
इस दौरान यश तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि समीर और सक्षम सिंह गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलने पर बोराम थाना पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
कई घंटे की तलाश के बाद पहले सक्षम सिंह और बाद में समीर का शव बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि सक्षम सिंह पलामू (डाल्टनगंज) के निवासी थे, जबकि समीर जमशेदपुर के काशीडीह के रहने वाले थे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

