जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के इलाज के खर्च को लेकर गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल के उपचार का पूरा खर्च दिलाने की मांग को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कानून-व्यवस्था के लिए पहुंचे डीएसपी सुमित कुमार से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया।


जानकारी के अनुसार प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति के इलाज की समुचित व्यवस्था नहीं की जा रही है और वाहन मालिक से पूरा इलाज खर्च दिलाया जाए। इसी बीच स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर बागबेड़ा थाना प्रभारी के बयान से नाराज होकर सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
प्रदर्शन के दौरान एक युवक डीएसपी सुमित कुमार के सामने न्याय की गुहार लगाते हुए उनके पैरों पर गिर गया। इसी दौरान डीएसपी द्वारा युवक को थप्पड़ मारने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों का आक्रोश और बढ़ गया।
काफी देर तक चली वार्ता और समझाइश के बाद पुलिस ने सड़क जाम हटवाया और यातायात सामान्य कराया। हालांकि, वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है तथा इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

