श्रावणी मेले के लिए झारखंड में विशेष तैयारी, बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

Spread the love

देवघर: श्रावण मास में बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए झारखंड में यात्रा और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। सड़क मार्ग पर रांची से नियमित बस सेवा जारी है, वहीं रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही देवघर और दुमका में अतिरिक्त प्रशासनिक एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है।

रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड से प्रतिदिन 12 बसों का संचालन बाबा धाम के लिए किया जा रहा है। यात्रियों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अग्रिम टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। सामान्य सीट का किराया 550 रुपये और स्लीपर सीट का किराया 600 रुपये निर्धारित किया गया है। 35 या उससे अधिक लोगों के समूह के लिए पूरी बस उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।

श्रावणी मेले के दौरान भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए देवघर और दुमका में 65 प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 27 पुलिस पदाधिकारियों और 90 वायरलेस ऑपरेटरों की भी नियुक्ति की गई है।

रेलवे द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस इटवारी–मधुपुर साप्ताहिक श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी, जिससे रांची सहित कई शहरों के श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भीड़ से बचने के लिए यात्रा और टिकट की अग्रिम बुकिंग करने की अपील की है।