आदित्यपुर के मेडिट्रीना अस्पताल के आईसीयू में आग, समय रहते मरीज सुरक्षित निकाले गए

Spread the love

सरायकेला: आदित्यपुर स्थित मेडिट्रीना अस्पताल के आईसीयू में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस अग्निकांड में अस्पताल को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी मरीज या कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

अस्पताल प्रबंधन के स्थानीय प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिससे आईसीयू को भारी नुकसान पहुंचा। उन्होंने बताया कि आग लगते ही अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल सभी मरीजों को सुरक्षित दूसरे वार्डों में स्थानांतरित कर दिया। अस्पताल में उपलब्ध फायर सेफ्टी उपकरणों से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण झारखंड अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना की सूचना पर आदित्यपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार समय पर मरीजों को सुरक्षित निकाल लेने से बड़ा हादसा टल गया। वहीं, मरीजों के परिजनों ने सभी के सुरक्षित होने पर राहत जताई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और क्षति का आकलन किया जा रहा है।