26 दिन बाद सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन, पीएम ने नीट पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा

Spread the love

सेंट्रल डेस्क: नीट पेपर लीक मामले को लेकर 26 दिनों से अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने शुक्रवार को अपना अनशन समाप्त कर दिया। इससे पहले गुरुवार देर रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश जारी कर पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस तरह के मामलों के त्वरित निपटारे के लिए सरकार फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि इसका मसौदा तैयार हो चुका है, जिसे पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल और उसके बाद सोमवार को संसद में पेश किया जाएगा।

प्रधानमंत्री के संदेश के कुछ समय बाद भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोनम वांगचुक से मुलाकात की। बातचीत के बाद वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त करने पर सहमति जताई। इस दौरान उनकी पत्नी भी मौजूद रहीं।

सोनम वांगचुक नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनशन कर रहे थे। अनशन के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पहले दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल और बाद में अदालत के निर्देश पर गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इससे पूर्व जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना था। फिलहाल, अनशन समाप्त होने के बाद वांगचुक ने अपनी आगे की रणनीति को लेकर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।