रांची: झारखंड सरकार ने राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए 720 नई एंबुलेंस खरीदने का निर्णय लिया है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की उच्चस्तरीय बैठक में एंबुलेंस खरीद, संचालन व्यवस्था और टेंडर प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने अधिकारियों को एक माह के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।


बैठक में तय किया गया कि पहले से स्वीकृत 30 एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एंबुलेंस की खरीद प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके अलावा 20 नई ALS, 270 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एंबुलेंस और 400 पेशेंट ट्रांसपोर्ट व्हीकल (PTV) खरीदे जाएंगे। इस प्रकार कुल 720 नए वाहन राज्य की स्वास्थ्य सेवा से जुड़ेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पुरानी एंबुलेंसों के जर्जर होने से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इसे देखते हुए 400 पीटीवी की खरीद का निर्णय लिया गया है, ताकि मरीजों को समय पर रेफरल अस्पताल पहुंचाया जा सके।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी ALS एंबुलेंस सदर अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में तैनात होंगी तथा इनमें निर्धारित मानकों के अनुसार जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकार ने एंबुलेंसों के संचालन और उपयोग अवधि से जुड़े मानक भी निर्धारित किए हैं।

