सरायकेला: सरायकेला पुलिस ने तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से चार खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। इस कार्रवाई से मोबाइल मालिकों के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस की तत्परता की सराहना की।


पुलिस ने तकनीकी शाखा के सहयोग से CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक की। आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार को चारों मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को विधिवत वापस कर दिए गए।
मोबाइल वापस मिलने पर सभी लाभार्थियों ने सरायकेला पुलिस का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच के कारण उन्हें उनका कीमती मोबाइल वापस मिल सका।
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम हो जाए या चोरी हो जाए तो उसे बिना देरी किए CEIR पोर्टल (www.ceir.gov.in) पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए। इससे मोबाइल को ट्रैक करने और बरामद करने की प्रक्रिया काफी आसान हो जाती है।
उन्होंने लोगों से अपने मोबाइल का आईएमईआई (IMEI) नंबर सुरक्षित रखने तथा मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने की भी अपील की। पुलिस का कहना है कि तकनीक के माध्यम से गुम मोबाइल की बरामदगी के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

