चांडिल डैम विस्थापितों की समस्याओं पर उच्चस्तरीय बैठक, विधायक ने सौंपा 19 सूत्री मांगपत्र

Spread the love

सरायकेला: आदित्यपुर स्थित सुवर्णरेखा बहुउद्देशीय परियोजना के प्रशासक कार्यालय में शुक्रवार को चांडिल डैम विस्थापितों की समस्याओं के समाधान को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में ईचागढ़ विधायक सविता महतो, सुवर्णरेखा परियोजना के प्रशासक सह उपायुक्त राजीव रंजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान विधायक सविता महतो ने विस्थापितों की समस्याओं से संबंधित 19 सूत्री मांगपत्र प्रशासक को सौंपा। उन्होंने मांग की कि पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी होने तक चांडिल डैम में जल भंडारण का स्तर आरएल 180 मीटर तक ही सीमित रखा जाए, ताकि आसपास के गांवों में जलभराव की स्थिति न बने। इसके अलावा विस्थापित युवाओं को रोजगार, पुनर्वास स्थलों पर सड़क, बिजली, पेयजल, विद्यालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विकास पुस्तिका के लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने की मांग उठाई।

विधायक ने कहा कि विकास पुस्तिका और पहचान पत्र मिलने से विस्थापित परिवारों को सरकारी योजनाओं और बच्चों के नामांकन जैसी सुविधाओं का लाभ आसानी से मिलेगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही विशेष शिविर लगाकर पात्र परिवारों को विकास पुस्तिका और पहचान पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।

उपायुक्त राजीव रंजन ने आश्वासन दिया कि सभी मांगों पर चरणबद्ध कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि विकास पुस्तिका से जुड़े आवेदनों की जांच अंतिम चरण में है तथा पहले चरण में आरएल 173 से 175 मीटर तक प्रभावित परिवारों के मुआवजा और पुनर्वास के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।