जमशेदपुर: सोना देवी विश्वविद्यालय, जमशेदपुर के कुलपति डॉ. ब्रज मोहन पाट पिंगुआ को रांची में आयोजित दैनिक भास्कर एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदान किया गया।


कार्यक्रम में झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर तथा ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समारोह में राज्यभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के 19 प्रतिनिधियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ अनुमंडल क्षेत्र में स्थित सोना देवी विश्वविद्यालय ग्रामीण एवं जनजातीय समाज के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास कर उन्हें सक्षम और जिम्मेदार नागरिक बनाना है।
स्थापना के मात्र तीन वर्षों के भीतर ही सोना देवी विश्वविद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। वर्तमान में विश्वविद्यालय के 13 स्कूलों के अंतर्गत 60 से अधिक पाठ्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। आधुनिक शिक्षा, कौशल विकास और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण के कारण विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने इस सम्मान को पूरे संस्थान, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया है।

