बाबा बैद्यनाथ व बासुकीनाथ धाम में पूजा के बाद डीजीपी ने संताल परगना की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की

Spread the love

देवघर: झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने शुक्रवार को संताल परगना दौरे की शुरुआत विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर की। उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव की आराधना कर राज्य में शांति, सुरक्षा और समृद्धि की कामना की। मंदिर प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें गर्भगृह में विशेष दर्शन एवं पूजा की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

इसके बाद डीजीपी दुमका जिले स्थित प्रसिद्ध बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचीं, जहां उन्होंने जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। पूजा के उपरांत उन्होंने संताल परगना प्रमंडल की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा श्रावणी मेला की सुरक्षा तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

बैठक में संताल परगना के डीआईजी के साथ देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़ और जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे। इस दौरान श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

डीजीपी तदाशा मिश्रा ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने, लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ ही बाबा धाम और बासुकीनाथ आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।