बारिश के बीच आस्था का उत्साह, जमशेदपुर में धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की उल्टा रथ यात्रा

Spread the love

जमशेदपुर: भगवान जगन्नाथ की पारंपरिक उल्टा रथ यात्रा शुक्रवार को जमशेदपुर में श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाली गई। लगातार हो रही बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। बड़ी संख्या में भक्तों ने रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान के जयकारों के बीच दर्शन किए और रथ खींचने का पुण्य लाभ प्राप्त किया।

उल्टा रथ यात्रा डिमना रोड स्थित राजस्थान भवन से प्रारंभ होकर मुखीडांगा स्थित राधा गोस्वामी (राधा गोविंदनाथ) मंदिर तक पहुंची। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। बारिश के बीच भी श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव से रथ खींचते नजर आए।

गौरतलब है कि 16 जुलाई को आयोजित सीधी रथ यात्रा में भगवान मदन मोहन, बलराम और देवी सुभद्रा मौसीबाड़ी पहुंचे थे। धार्मिक परंपरा के अनुसार नौवें दिन भगवान की अपने मंदिर में वापसी को उल्टा रथ यात्रा के रूप में मनाया जाता है।

उल्टा रथ यात्रा को लेकर राजबाड़ी और शिव मंदिर परिसर में आयोजन समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष प्रबंध भी किए गए थे। भक्तों ने कहा कि मौसम चाहे जैसा भी हो, भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में शामिल होने का उत्साह हर वर्ष की तरह इस बार भी बना रहा।