चांडिल डैम विस्थापितों की समस्याओं पर उच्चस्तरीय बैठक, विधायक ने सौंपा 19 सूत्री मांगपत्र

Spread the love

सरायकेला: आदित्यपुर स्थित सुवर्णरेखा बहुउद्देशीय परियोजना के प्रशासक कार्यालय में शुक्रवार को चांडिल डैम विस्थापितों की समस्याओं के समाधान को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में ईचागढ़ विधायक सविता महतो, सुवर्णरेखा परियोजना के प्रशासक सह जमशेदपुर उपायुक्त राजीव रंजन तथा परियोजना एवं जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान विधायक सविता महतो ने विस्थापितों के हित में 19 सूत्री मांगपत्र प्रशासक को सौंपा। उन्होंने मांग की कि पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी होने तक चांडिल डैम में जल भंडारण का स्तर आरएल-180 मीटर तक ही सीमित रखा जाए, ताकि आसपास के गांवों में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। इसके अलावा विस्थापित युवाओं को रोजगार, पुनर्वास स्थलों पर सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विकास पुस्तिका से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने की मांग भी उठाई।

विधायक ने कहा कि विकास पुस्तिका और पहचान पत्र मिलने से विस्थापित परिवारों को बच्चों के नामांकन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। इसके लिए जल्द विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

परियोजना प्रशासक सह उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि सभी मांगों पर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा रही है। विकास पुस्तिका के आवेदनों की जांच अंतिम चरण में है तथा प्रथम चरण में आरएल-173 से 175 मीटर तक प्रभावित परिवारों के मुआवजा एवं पुनर्वास से जुड़े लंबित मामलों का जल्द समाधान किया जाएगा। बैठक में झामुमो के केंद्रीय सदस्य काबलु महतो ने भी विस्थापितों के हित में महत्वपूर्ण सुझाव दिए।