रांची: प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर जारी छात्र आंदोलन को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का समर्थन मिल गया है। पार्टी ने कहा है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और व्यापक हो सकता है।


राजद के वरिष्ठ नेता गौतम सागर राणा ने कहा कि लगातार सामने आ रही परीक्षा संबंधी अनियमितताओं ने देश के युवाओं का विश्वास तोड़ा है। उनके अनुसार प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और छात्र अपने भविष्य की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पेपर लीक को गंभीर अपराध बताया है, लेकिन केवल बयान देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की आवश्यकता है।
राजद ने एक बार फिर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि परीक्षा व्यवस्था में हुई कथित विफलताओं की जवाबदेही तय होनी चाहिए। पार्टी ने भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने तथा भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
राजद नेता कैलाश यादव ने भी छात्र आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने और परीक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाने तक आंदोलन जारी रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र हितों के मुद्दे पर विपक्ष युवाओं के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

