सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत परगामा पंचायत स्थित गरामस्थान की सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने शुक्रवार को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। प्रशासनिक टीम ने बुलडोजर चलाकर बकरी शेड और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।


प्रशासन के अनुसार मौजा परगामा, थाना संख्या-86, खाता संख्या-230 एवं प्लॉट संख्या-470 की लगभग 17 डिसमिल सरकारी भूमि पर बुड़ी महतो और प्रहलाद महतो द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण किया गया था। यह भूमि गांव के धार्मिक एवं सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित है।
बताया गया कि ग्रामीणों ने करीब एक वर्ष पूर्व इस अतिक्रमण की शिकायत राजस्व विभाग से की थी। जांच और विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी किया गया, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान अंचल निरीक्षक कुणाल कुमार शर्मा दंडाधिकारी के रूप में मौजूद रहे, जबकि प्रभारी अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने पूरे अभियान की निगरानी की। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नीमडीह थाना पुलिस भी तैनात रही।
प्रभारी अंचल अधिकारी ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से गरामस्थान की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की जा रही थी। अब इस भूमि का उपयोग पुनः धार्मिक अनुष्ठानों और सार्वजनिक कार्यों के लिए किया जा सकेगा।

