चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज परवरियारी के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ के तहत चांडिल थाना पुलिस ने चार गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।


पुलिस के अनुसार, मोबाइल गुम होने के बाद संबंधित लोगों ने चांडिल थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से मोबाइल के आईएमईआई (IMEI) नंबर को ट्रैक किया। तकनीकी जांच और सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी चार मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को विधिवत सौंप दिए गए।
अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर सभी लोगों ने सरायकेला-खरसावां पुलिस और चांडिल थाना की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक तकनीक और सीईआईआर पोर्टल के प्रभावी उपयोग से गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी अब पहले की तुलना में अधिक आसान हो गई है।
पुलिस अधीक्षक मनोज परवरियारी ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम हो जाए या चोरी हो जाए तो वे बिना देरी किए CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें और साथ ही नजदीकी थाना में भी इसकी सूचना दें। इससे मोबाइल को शीघ्र ट्रैक कर बरामद करने में पुलिस को सहायता मिलेगी।

