सरायकेला: सरायकेला जन शिकायत निवारण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभागार में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने आम लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


जनता दरबार में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे। उपायुक्त ने प्राप्त सभी आवेदनों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में गम्हरिया प्रखंड की यशपुर पंचायत के उदयपुर गांव में वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग उठाई गई। कृषि कार्य में उपयोग होने वाले उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने के लिए उर्वरक विक्रेताओं की औचक जांच कराने का भी अनुरोध किया गया। वहीं, कपाली नगर परिषद क्षेत्र के कमारगोड़ा पुनर्वास स्थल के समीप प्रस्तावित बीयर बार की अनुमति रद्द करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सामूहिक आवेदन सौंपा।
इसके अलावा सीढ़ी निर्माण, भूमि विवाद, जन्म प्रमाण पत्र सत्यापन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा लंबित मानदेय भुगतान से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने बताया कि कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को सभी मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

