हजारीबाग: हजारीबाग जिले के केराडारी और टंडवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह का एक सदस्य गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों के पास से एक देसी पिस्तौल, तीन मोबाइल फोन और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।


पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के अपराधी पगार ओपी क्षेत्र स्थित चंद्रगुप्त कोयला परिवहन परियोजना के आसपास किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर बरकागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में केराडारी थाना, पगार ओपी और सशस्त्र बल की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की।
करीब सुबह 3:20 बजे पुलिस को बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों जंगल की ओर भागने लगे। पीछा करने के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर तीन से चार राउंड फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें राजीब अफजल के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी जितेंद्र सोनी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और कुछ दिन पहले परिवहन कंपनी से लेवी नहीं मिलने पर कर्मचारियों को धमकाने की घटना में भी उनकी संलिप्तता सामने आई है। घायल राजीब अफजल का पुलिस अभिरक्षा में इलाज कराया जा रहा है तथा अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

