गिरिडीह: साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गांडेय थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड, एक आईपैड और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। मामले की जानकारी साइबर डीएसपी प्रभारी आर. के. राणा ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में दी।


उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि पुनेदीह गांव के पास स्थित जर्जर नर्सरी भवन में कुछ लोग मोबाइल फोन के माध्यम से साइबर ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई, जिसमें दो युवकों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैफ अंसारी और मो. इरशाद अंसारी के रूप में हुई है। दोनों गांडेय थाना क्षेत्र के बख्शीगढ़ा गांव के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर खुद को आरटीओ अधिकारी और डॉक्टर बताकर लोगों को फोन करते थे। वे चालान भरवाने और डॉक्टर की अपॉइंटमेंट बुक कराने के नाम पर लोगों से ठगी करते थे।
पुलिस ने बरामद उपकरणों को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

