चतरा: चतरा पुलिस ने अफीम तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 709 ग्राम प्रतिबंधित अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सिमरिया एसडीपीओ नगरगोजे शुभम भाऊ साहेब के नेतृत्व में गठित गिद्धौर थाना पुलिस की टीम ने की। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चतरा सदर थाना क्षेत्र के उंटा गांव निवासी दयानंद कुमार और राम प्रवेश कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों अफीम की खेप लेकर चोपारण की ओर जा रहे थे। आशंका है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते इस खेप को दूसरे राज्य में तस्करी के लिए भेजा जाना था।
गुप्त सूचना के आधार पर गिद्धौर थाना क्षेत्र के बेलगाछ के पास चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग पर वाहन जांच के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान में गिद्धौर प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल देव, थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जिले में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी के पूरे नेटवर्क, सप्लायर और अन्य सहयोगियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

