बांकुड़ा विस्फोट मामले में एनआईए की कोडरमा में बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

कोडरमा: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में हुए मोटरसाइकिल विस्फोट मामले की जांच के दौरान झारखंड के कोडरमा से बड़ा कनेक्शन सामने आया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को कोडरमा में छापेमारी कर दो आरोपियों शंकर यादव और महेश मेहता को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान दोनों के ठिकानों से 1,662 गैर-इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, पांच डिजिटल उपकरण तथा 16 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

एनआईए के अनुसार, बांकुड़ा विस्फोट में प्रयुक्त सामग्री का संबंध कोडरमा स्थित एक विस्फोटक मैगजीन से जुड़ा पाया गया है। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कोलकाता ले जाया गया है। एजेंसी अब विस्फोटकों के स्रोत, उनकी आपूर्ति श्रृंखला और पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।

जांच में महेश मेहता पर अवैध रूप से डेटोनेटर और जिलेटिन की खरीद-बिक्री करने का आरोप सामने आया है। वहीं शंकर यादव पर अवैध खनन, भूमि कारोबार और विस्फोटक आपूर्ति नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप लगाए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, जांच तेज होने के बाद दोनों कुछ समय तक पश्चिम बंगाल के आसनसोल में छिपे रहे और हाल ही में कोडरमा लौटने पर गिरफ्तार किए गए।

गौरतलब है कि कोडरमा का नाम पहले भी विस्फोटक तस्करी के मामलों में सामने आ चुका है। एनआईए पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।