तेनुघाट डैम का जलस्तर बढ़ने पर चार गेट खोले गए, दामोदर नदी किनारे अलर्ट जारी

Spread the love

बोकारो: झारखंड में लगातार हो रही बारिश का असर अब तेनुघाट डैम पर भी साफ दिखाई देने लगा है। जलस्तर में लगातार वृद्धि के बाद डैम प्रबंधन ने एहतियातन डैम के तीन रेडियल गेट और एक अंडर स्लुइस गेट खोल दिए हैं। इन गेटों के माध्यम से लगभग 9,970 क्यूसेक (282.32 घन मीटर प्रति सेकंड) पानी दामोदर नदी में छोड़ा जा रहा है।

डैम प्रबंधन के अनुसार, तेनुघाट डैम का जलस्तर बढ़कर 850.05 फीट पहुंच गया है, जबकि इसकी अधिकतम जलधारण क्षमता 852 फीट है, जिसे खतरे का स्तर माना जाता है। मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी बारिश की संभावना जताए जाने के कारण जलस्तर में और वृद्धि की आशंका बनी हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि डैम की जीवित जल भंडारण क्षमता 42,013 हेक्टेयर है, जबकि वर्तमान में 25,807 हेक्टेयर जल का भंडारण हो चुका है। वहीं डैम की कुल जल भंडारण क्षमता 44,526 हेक्टेयर है।

पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन ने दामोदर नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। नदी किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने, बच्चों और मवेशियों को सुरक्षित रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बारिश जारी रहने पर पानी छोड़े जाने की मात्रा में बदलाव किया जा सकता है।