उत्पाद सिपाही समेत सभी रिक्त पदों पर जल्द होगी नियुक्ति, अवैध शराब कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

Spread the love

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने और उत्पाद विभाग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने विभाग के लंबे समय से रिक्त पड़े पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि उत्पाद सिपाही भर्ती को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। इसके अलावा सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) सहित विभाग के अन्य सभी रिक्त पदों पर भी जल्द नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि विभाग की कार्यक्षमता और प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत हो सके।

बैठक में मुख्यमंत्री ने झारखंड स्टेट बेवरेजेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (JSBCL) के कार्यक्षेत्र का विस्तार करने और विभागीय राजस्व बढ़ाने के लिए नई रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने आधुनिक तकनीक और पारदर्शी व्यवस्था अपनाकर राजस्व संग्रह को और सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने राज्य में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी ठिकानों की पहचान कर विशेष अभियान चलाया जाए और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने समय की जरूरत के अनुरूप विभागीय नीतियों में सुधार कर उत्पाद विभाग को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक नीति सुधार जल्द लागू करने का भी निर्देश दिया।