संगठित अपराध और रंगदारी पर शिकंजा कसने के लिए झारखंड पुलिस बनाएगी एसआईटी

Spread the love

रांची: झारखंड में संगठित अपराध और रंगदारी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय ने विशेष रणनीति तैयार की है। डीजीपी के निर्देश पर एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) का गठन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य राज्यभर में सक्रिय आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हुए उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना होगा।

इस विशेष टीम में अनुभवी डीएसपी, इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। एसआईटी केवल आपराधिक घटनाओं की जांच तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गिरोहों के आर्थिक स्रोत, सहयोगियों, नेटवर्क और पूरे संचालन तंत्र की गहन जांच कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार हाल के दिनों में राज्य के कई जिलों में व्यापारियों, कोयला कारोबारियों और ठेकेदारों से रंगदारी मांगने की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस का कहना है कि कुछ गिरोह राहुल दुबे, राहुल सिंह और प्रिंस खान जैसे नामों का इस्तेमाल कर लोगों में दहशत फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। फायरिंग, बमबाजी और धमकी जैसी घटनाओं में शामिल ऐसे गिरोह एसआईटी की प्राथमिक सूची में रहेंगे।

रांची के अलावा धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर और हजारीबाग जैसे संवेदनशील जिलों में भी एसआईटी स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर कार्रवाई करेगी। आधुनिक तकनीक और खुफिया सूचना के आधार पर अपराधियों की पहचान की जाएगी तथा गिरोहों को प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से संरक्षण देने वालों के विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।