जमशेदपुर: शहर के मरीन ड्राइव पुल के समीप सोमवार सुबह सड़क किनारे गाय का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने दी, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। लोगों ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद करीब तीन से चार घंटे तक संबंधित विभाग या प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। बाद में टाइगर मोबाइल की टीम मौके पर पहुंची और गाय के अवशेषों को डोबो की ओर झाड़ियों में हटाया गया।
घटना को लेकर क्षेत्र में विभिन्न तरह की चर्चाएं और आशंकाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का मानना है कि यह किसी शरारती तत्व की करतूत हो सकती है, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि किसी सड़क दुर्घटना के बाद गाय के अवशेष यहां पहुंचे होंगे। हालांकि, अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि गाय की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके अवशेष सड़क किनारे कैसे पहुंचे।
फिलहाल पुलिस या प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

