यूसीआईएल विस्थापितों की समस्याओं को लेकर डीसी से मिले विधायक, रोजगार और पुनर्वास की उठाई मांग

Spread the love

जमशेदपुर: यूसीआईएल (यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड) की विभिन्न खनन परियोजनाओं से प्रभावित विस्थापित परिवारों की समस्याओं को लेकर सोमवार को पोटका विधायक संजीव सरदार और घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात की। इस दौरान तुरामडीह, नरवा, माघागोड़ा, बांधुहुड़ांग और बागजामदा माइंस क्षेत्र के माझी बाबा, विस्थापित समिति के प्रतिनिधि तथा प्रभावित परिवारों के सदस्य भी मौजूद रहे।

बैठक में वर्षों से लंबित रोजगार, पुनर्वास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और कौशल विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि विस्थापित परिवारों की लंबित समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

विधायकों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ हुई पूर्व बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और उपायुक्त से विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी तथा विस्थापितों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने प्रशासन से जल्द रिपोर्ट भेजकर आगे की प्रक्रिया तेज करने की मांग की।

बैठक में भूमि देने वाले परिवारों को नियमानुसार रोजगार देने, सेवा के दौरान दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पात्र परिजनों के लंबित नियुक्ति मामलों के शीघ्र निष्पादन की भी मांग उठाई गई। विधायक संजीव सरदार ने कहा कि विकास परियोजनाओं के लिए भूमि देने वाले विस्थापित परिवारों के अधिकारों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।