दुमरिया के चितामाटी टोला में सड़क और एंबुलेंस के अभाव में बीमार मुंडा को खाट पर ढोकर पहुंचाया अस्पताल

Spread the love

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के दुमरिया प्रखंड अंतर्गत माघागोड़ा पंचायत के चितामाटी टोला में स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। गांव के मुंडा जंगल हेंब्रम की तबीयत अचानक बिगड़ने पर ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिल सकी। मजबूरी में ग्रामीणों ने उन्हें खाट पर लिटाकर लगभग चार किलोमीटर तक दुर्गम पहाड़ी रास्ते से पैदल कनिकोचा पहुंचाया, जहां से निजी वाहन के माध्यम से अस्पताल ले जाया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि चितामाटी टोला आज भी सड़क सुविधा से वंचित है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। ऐसे में किसी भी मरीज को अस्पताल पहुंचाना बेहद कठिन हो जाता है और कई बार खाट के सहारे मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस क्षेत्र में एंबुलेंस सेवा भी समय पर उपलब्ध नहीं हो पाती।

घटना की जानकारी मिलने के बाद घाटशिला एसडीओ अमिताभ भगत, दुमरिया बीडीओ नीलेश मुर्मू, सीओ पवन कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन दुर्गम पहाड़ी रास्ते के कारण बीच रास्ते से ही लौटना पड़ा। निरीक्षण के बाद एसडीओ ने सड़क निर्माण के लिए तत्काल सर्वे और मापी शुरू करने के निर्देश दिए तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द सड़क निर्माण का भरोसा दिलाया।