देवघर कांवरिया पथ पर ओम कांवरिया सेवा संघ लगाएगा एक माह का सेवा शिविर, शिवभक्तों को मिलेंगी सभी सुविधाएं

Spread the love

जमशेदपुर: सावन माह में भगवान शिव के भक्तों की सेवा के उद्देश्य से ओम कांवरिया सेवा संघ की ओर से 29 जुलाई से देवघर कांवरिया पथ स्थित सुईयां पहाड़ के घुटिया में एक माह का सेवा शिविर लगाया जाएगा। यह शिविर 27 अगस्त तक संचालित रहेगा। सोमवार को 32 स्वयंसेवकों की पहली टोली शिविर स्थल के लिए रवाना हुई। इसके अलावा विभिन्न शहरों से भी स्वयंसेवक इस सेवा अभियान में शामिल होंगे। शिविर का शुभारंभ 29 जुलाई की शाम पूजा-अर्चना और आरती के साथ किया जाएगा।

संघ के प्रमुख पप्पू सिंह ने बिरसानगर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि संस्था पिछले 16 वर्षों से लगातार कांवरियों की सेवा करती आ रही है। इस वर्ष भी शिविर में स्नान, भोजन, नाश्ता, शौचालय, मोबाइल चार्जिंग तथा रात्रि विश्राम जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही प्रतिदिन सुबह और शाम पूजा एवं आरती का आयोजन होगा।

शिवभक्तों की थकान दूर करने के लिए मशीनों से पैर, सिर और शरीर की मालिश की सुविधा के साथ गर्म पानी की भी व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालुओं को सब्जी, हलवा, फल, साबूदाना, खीर सहित विभिन्न प्रकार के भोजन और प्रसाद उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रेस वार्ता में संस्था के संरक्षक धनंजय कुमार सिंह, राजेंद्र प्रसाद सिंह, सतिंदर सिंह और एम.वी. राव भी उपस्थित थे।